• Home
  • News
  • Nainital witnessed a deluge of tourists over the weekend, with Snow View, Tiffin Top and Mall Road bustling with activity throughout the day, with police on alert after implementing a traffic plan.

वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, स्नो व्यू, टिफिन टॉप और मॉल रोड पर दिनभर रही चहल-पहल, ट्रैफिक प्लान लागू कर पुलिस अलर्ट

editor
  • Awaaz Desk
  • May 28, 2026 01:05 PM
Nainital witnessed a deluge of tourists over the weekend, with Snow View, Tiffin Top and Mall Road bustling with activity throughout the day, with police on alert after implementing a traffic plan.

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों पर्यटकों से गुलजार हो उठी है। बकरा ईद की छुट्टियों के चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश और देश के कई अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में सैलानी नैनीताल पहुंच रहे हैं। पहाड़ों की ठंडी हवाओं, सुहावने मौसम और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए उमड़ी पर्यटकों की भीड़ से पूरे शहर में रौनक लौट आई है। पर्यटकों की बढ़ती आमद से जहां होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव भी लगातार बढ़ता जा रहा है। नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों मॉल रोड, नैनी झील, स्नो व्यू, केव गार्डन, टिफिन टॉप और आसपास के दर्शनीय क्षेत्रों में सुबह से लेकर देर शाम तक पर्यटकों की चहल.-पहल देखने को मिल रही है। शहर के होटल और गेस्ट हाउस तेजी से भर रहे हैं। पर्यटक नौकायन, घुड़सवारी और पहाड़ी वादियों के बीच घूमकर छुट्टियों का आनंद ले रहे हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए मैदानी इलाकों से आने वाले लोगों को नैनीताल का मौसम बेहद आकर्षित कर रहा है। नैनीताल पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी के बीच पहाड़ों की ठंडी फिजा उन्हें राहत दे रही है। कानपुर से आए पर्यटक रविंदर पाल सिंह ने कहा कि नैनीताल का मौसम बेहद सुहावना है और यहां का प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को बार-बार आने के लिए मजबूर कर देता है। वहीं मथुरा से पहुंचे आदित्य दीक्षित ने कहा कि परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए नैनीताल सबसे बेहतर जगहों में से एक है। दिल्ली से आई सपना ने कहा कि यहां का शांत वातावरण और ठंडी हवाएं मन को सुकून देती हैं।

वहीं मस्कट से पहुंचे पर्यटक मिलन ने भी नैनीताल की खूबसूरती और मौसम की जमकर तारीफ की। पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते शहर में कई जगह जाम की स्थिति बन रही है। खासकर मॉल रोड, तल्लीताल, मल्लीताल और पार्किंग क्षेत्रों में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है। जगह-जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने पहले से तैयार यातायात प्लान लागू किया है। पार्किंग फुल होने की स्थिति में कालाढूंगी रोड स्थित नारायण नगर और हल्द्वानी रोड स्थित रूसी बाइपास को अस्थायी पार्किंग स्थल बनाया गया है। यहां पर्यटकों के वाहनों को रोका जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन पर्यटकों की शहर के होटल में पहले से पार्किंग सहित बुकिंग होगी, केवल उन्हीं वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल सरोवर नगरी नैनीताल पर्यटकों की रौनक से पूरी तरह गुलजार है। पहाड़ों की वादियों में छुट्टियां मनाने पहुंचे सैलानी यहां के मौसम और प्राकृतिक सुंदरता का जमकर आनंद उठा रहे हैं, जबकि प्रशासन भीड़ और यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए लगातार मुस्तैद नजर आ रहा है।


संबंधित आलेख: