नैनीतालः YMCA भीमताल को मिला 'वर्ल्ड वाईएमसीए इम्पैक्ट अवॉर्ड-2026! वैश्विक पटल पर चमका उत्तराखंड
भीमताल। पर्वतीय और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में वाईएमसीए भीमताल के अभूतपूर्व प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। संस्था को समाजसेवा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित वर्ल्ड वाईएमसीए इम्पैक्ट अवॉर्ड्स-2026 से सम्मानित किया गया है। यह वैश्विक सम्मान न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पहाड़ी गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को अक्सर सामान्य इलाज के लिए भी मीलों का सफर तय करना पड़ता है। इस गंभीर समस्या को दूर करने के लिए वाईएमसीए भीमताल ने एक प्रभावी मॉडल तैयार किया। संस्था की ओर से दूरस्थ गांवों में नियमित सामुदायिक आउटपेशेंट क्लिनिक संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही आधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए डॉक्टरों और दवाओं को सीधे जरूरतमंदों की चौखट तक पहुंचाया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीणों को समय पर प्राथमिक उपचार मिल रहा है और उन्हें दूर-दराज के शहरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली है। संस्था की इस गौरवमयी उपलब्धि पर नेशनल काउंसिल ऑफ वाईएमसीएज इन इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति कुरियन जोसेफ ने हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि समर्पण और निष्ठा के साथ स्थानीय स्तर पर शुरू किए गए छोटे प्रयास भी वैश्विक पटल पर बड़ा और दूरगामी प्रभाव छोड़ सकते हैं। ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं का लोकतंत्रीकरण करने की यह पहल अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है।