नैनीतालः नौकुचियाताल झील में उतराता मिला युवक का शव! क्षेत्र में फैली सनसनी
नैनीताल। भीमताल क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नौकुचियाताल झील में एक युवक का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। झील के किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने पानी में शव तैरता देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गाजियाबाद निवासी युवक के रूप में हुई है, जो इन दिनों भीमताल स्थित रामा ग्रुप में ठहरा हुआ था। पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के बाद उसके परिजनों को सूचना दे दी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही होटल स्टाफ और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।