• Home
  • News
  • Nainital’s Foundation Day was celebrated not just with a cake, but also with a cleanliness drive! An initiative by the Maa Naina Devi Vyapar Mandal and the ‘Swachh Nainital’ (Clean Nainital) team.

नैनीताल के स्थापना दिवस पर सिर्फ केक ही नहीं, बल्कि स्वच्छता अभियान के साथ भी मनाया गया जश्न!मां नयना देवी व्यापार मंडल और क्लीन नैनीताल टीम की सराहनीय पहल

editor
  • Kanchan Verma
  • November 18, 2026 03:11 PM
Nainital’s Foundation Day was celebrated not just with a cake, but also with a cleanliness drive! An initiative by the Maa Naina Devi Vyapar Mandal and the ‘Swachh Nainital’ (Clean Nainital) team.

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के स्थापना दिवस को इस बार स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। 18 नवंबर को नैनीताल के जन्मोत्सव के अवसर पर मां नयना देवी व्यापार मंडल और 'क्लीन नैनीताल' टीम के संयुक्त तत्वावधान में झील किनारे और केनेडी रोड पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के जरिए शहरवासियों और पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को संरक्षित रखने का संदेश दिया गया।

इस विशेष अभियान में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक कई स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। क्लीन फाउंडेशन के संस्थापक आशु निगम के नेतृत्व में शिखा, संदीप राणा, सिद्धार्थ ठाकुर, प्रशांत तिवारी और उनकी टीम ने सफाई अभियान में सक्रिय योगदान दिया। वहीं मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन, उपाध्यक्ष विकास जायसवाल, तन्मय कांडपाल और गगन सहित अन्य सदस्यों ने भी श्रमदान किया। शिप्रा कल्याण समिति के जगदीश नेगी ने भी अभियान में सहभागिता की।

इस दौरान मां नयना देवी व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन और सभी सदस्यों ने नैनीताल के स्थापना दिवस पर केक भी काटा और नैनीताल की खुशहाली के लिए प्रार्थना भी की। 

अभियान के दौरान जगदीश नेगी ने प्लास्टिक कचरे के निस्तारण का एक उपयोगी तरीका साझा करते हुए स्वयंसेवकों को 'इको ब्रिक' बनाने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि अनुपयोगी प्लास्टिक को बोतलों में भरकर इको ब्रिक तैयार की जा सकती हैं, जिनका विभिन्न उपयोगों में इस्तेमाल संभव है। इस पहल के जरिए प्लास्टिक कचरे को समस्या के बजाय उपयोगी संसाधन में बदलने का संदेश दिया गया।

आयोजकों ने कहा कि नैनीताल की पहचान उसकी नैसर्गिक सुंदरता, झील और स्वच्छ वातावरण से है। ऐसे में शहर को साफ-सुथरा रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और यहां आने वाले पर्यटक का भी दायित्व है। टीम ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल स्थापना दिवस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई और जागरूकता अभियान जारी रखे जाएंगे।

बता दें कि नैनीताल का अस्तित्व 18 नवंबर 1841 से पहले भी था। यह क्षेत्र अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान के साथ पहले से ही अस्तित्व में था। हालांकि, नैनीताल को दुनिया की नजरों में पहली बार प्रमुखता से सामने लाने का श्रेय अंग्रेज व्यापारी पीटर बैरन को जाता है। 18 नवंबर 1841 को पीटर बैरन के नैनीताल पहुंचने और उनके यात्रा वृत्तांत के माध्यम से इस खूबसूरत सरोवर नगरी का परिचय बाहरी दुनिया तक पहुंचा। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में 18 नवंबर को नैनीताल का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इसे शहर के जन्मोत्सव के रूप में मनाने की परंपरा नैनीताल की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को याद करने का अवसर भी है।


संबंधित आलेख: