गोल्फ में चमकी नैनीताल की हृतिका,राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक!धैर्य और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए हासिल की पोडियम फिनिश
नैनीताल।
ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल की कक्षा चार की छात्रा और युवा गोल्फ खिलाड़ी हृतिका भट्ट ने राष्ट्रीय स्तर की गोल्फ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। नोएडा स्थित जेपी ग्रीन्स विशटाउन में 23 से 25 सितंबर तक आयोजित NCR कप-26वीं एमेच्योर एवं जूनियर गोल्फ टूर्नामेंट में हृतिका ने डी कैटेगरी में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से एमेच्योर और जूनियर गोल्फ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। डी कैटेगरी का मुकाबला 36 होल में हुआ, जिसमें खिलाड़ियों को प्रतिदिन 18 होल खेलने थे। चुनौतीपूर्ण कोर्स और कड़े मुकाबले के बीच हृतिका ने धैर्य और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पोडियम फिनिश हासिल की।
हृतिका के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने इसी वर्ष जून में डी कैटेगरी में प्रवेश किया था। महज कुछ महीनों के भीतर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल करना उनके खेल में तेजी से हो रहे सुधार को दर्शाता है।
हृतिका की उपलब्धि पर ऑल सेंट्स कॉलेज की प्रधानाचार्या, शिक्षकों, सहपाठियों और परिजनों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि हृतिका आने वाली प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर गोल्फ के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगी।