पंचकूला में नमो क्रिकेट प्रतियोगिता: सीएम धामी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, बल्ला थामकर दिखाया अपना अंदाज
पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में आयोजित 'नमो क्रिकेट प्रतियोगिता' में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया, बल्कि स्वयं मैदान में उतरकर बल्ला संभालते हुए अपने स्पोर्टी अंदाज से वहां मौजूद दर्शकों और युवाओं का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने मैदान पर मौजूद विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय लिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। जीत और हार से परे खेल भावना और टीम स्पिरिट ही किसी भी खिलाड़ी की असली पहचान होती है। कार्यक्रम में उस समय उत्साह का माहौल बन गया जब मुख्यमंत्री खुद पिच पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने पूरे जोश के साथ कुछ शानदार शॉट्स लगाए, जिसे देखकर खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों से पूरा मैदान गुंजायमान कर दिया। मुख्यमंत्री ने इस सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की और कहा कि 'नमो क्रिकेट प्रतियोगिता' जैसी खेल स्पर्धाएं युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ जीवनशैली और खेलों के प्रति प्रेरित करने का एक बेहतरीन मंच हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, जन प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।