राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव 2026:संगीत नाटक अकादमी के तत्वाधान में नैनीताल में गूंजा हम भी हैं देशभक्त! प्रयोगांक संस्था द्वारा वंदे मातरम् के 150 वर्ष को समर्पित विशेष प्रस्तुति ने जीता दिल
नैनीताल।
संगीत नाटक अकादेमी के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव-2026 के अंतर्गत बुधवार को नैनीताल में देशभक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक 'हम भी हैं देशभक्त' का प्रभावशाली मंचन किया गया। यह विशेष आयोजन 'वंदे मातरम्' राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर में प्रस्तुत सभी नाटकों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय चेतना की भावना को समर्पित किया गया।
इस वर्ष महोत्सव का एक और विशेष पक्ष यह रहा कि इसे महाकवि कालिदास जयंती से भी जोड़ा गया। भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभाव के प्रतीक महाकवि कालिदास को भी इस आयोजन के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के तहत 15 जुलाई 2026 को शाम छह बजे देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ लगभग 150 स्थानों पर नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। इस दौरान 39 से अधिक भाषाओं और बोलियों में करीब 150 नाटकों का मंचन हुआ, जिसमें 4,000 से अधिक रंगकर्मियों ने भाग लिया। आधुनिक रंगमंच के साथ-साथ लोकनाट्य, पुतुल और नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
नैनीताल में रंग संस्था प्रयोगांक द्वारा राम सेवक सभा, मल्लीताल के प्रांगण में नुक्कड़ नाटक 'हम भी हैं देशभक्त' प्रस्तुत किया गया। नाटक का लेखन उमेश कांडपाल 'सोनी' ने किया, जबकि निर्देशन युवा रंगकर्मी रोहित वर्मा ने किया।
प्रस्तुति में मुकेश धस्मान, नीरज डालाकोटी, मदन मेहरा, उमेश कांडपाल, रोहित वर्मा, पवन कुमार, नासिर अली, पंकज रंधावा और गौरव कुमार ने अपने अभिनय से देशभक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से दर्शकों तक पहुंचाया। कार्यक्रम के दौरान संगीत नाटक अकादेमी के प्रतिनिधि प्रवीण कुमार दुरेजा भी उपस्थित रहे और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर प्रयोगांक के संरक्षक मिथिलेश पांडे एवं एच.एस. राणा सहित संगीत नाटक अकादेमी से सम्मानित जहूर आलम, मंजूर हुसैन, राजेश आर्य, डी.के. शर्मा, अनिल कुमार, किशन लाल, अनवर रजा, मनोज साह, मोहित सनवाल, अकरम अली, खुर्शीद और अदिति खुराना समेत बड़ी संख्या में रंगकर्मी एवं कला प्रेमी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव का उद्देश्य रंगमंच के माध्यम से देशभर में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक विरासत और भारतीय मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। नैनीताल में हुई यह प्रस्तुति भी उसी राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा रही, जिसने दर्शकों में देशभक्ति की भावना का प्रभावी संदेश पहुंचाया।