नीट पेपर लीक मामलाः नैनीताल में एनएसयूआई का प्रदर्शन! पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, एनटीए पर कार्रवाई की मांग
नैनीताल। नीट पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को नैनीताल में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं ने कहा कि नीट यूजी 2026 जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना लाखों छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। यह केवल एक परीक्षा का मामला नहीं है, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह कोई पहला मामला नहीं है। देश और उत्तराखंड में पिछले कई वर्षों से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे मेहनत करने वाले छात्रों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन जब पेपर लीक जैसी घटनाएं होती हैं तो उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश पाने का सपना देखने वाले छात्र कक्षा 11वीं से ही नीट की तैयारी शुरू कर देते हैं। कई छात्र 12वीं के बाद एक-दो नहीं बल्कि कई वर्षों तक ड्रॉप लेकर दिन-रात पढ़ाई करते हैं। कोचिंग संस्थानों में लाखों रुपये खर्च होते हैं और परिवार आर्थिक दबाव झेलते हैं। इसके बावजूद जब परीक्षा की गोपनीयता भंग होती है तो छात्रों के सपने टूट जाते हैं और वे मानसिक तनाव तथा अवसाद का शिकार हो जाते हैं। छात्र नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बार.बार हो रही ऐसी घटनाएं परीक्षा आयोजन व्यवस्था की विफलता को उजागर करती हैं। उन्होंने मांग की कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे प्रतिबंधित किया जाए और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर सजा दी जाए।