लापरवाहीः महिला ने अस्पताल के सामने सड़क पर दिया बच्चे को जन्म! सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो, लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में स्वास्थ्य विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां एक महिला ने अस्पताल के बाहर सड़क पर बच्चे को जन्म दिया। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोग सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो तिरुपति के मैटरनिटी अस्पताल ने महिला को भर्ती करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद महिला का दर्द बढ़ गया, तो लोगों ने अस्पताल के सामने ही रोड पर उसकी डिलीवरी कराई। हालांकि हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं। जिस अस्पताल के बाहर महिला ने बच्चे को जन्म दिया, वह 100 बिस्तरों वाला मैटरनिटी हॉस्पिटल है। वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं सड़क पर गर्भवती को चादर से ढंकती नजर आ रही हैं। साथ ही एक पुरुष भी दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो में जो जानकारी साझा की गई हैं, उनके मुताबिक पुरुष ने ही डिलीवरी में मदद की। वह एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में काम करने वाला बताया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली है। तिरुपति मैटरनिटी अस्पताल के कर्मचारियों ने महिला को इसलिए भर्ती करने से इनकार कर दिया था, क्योंकि उसके साथ कोई अटेंडेंट नहीं था। अस्पताल से बाहर आते ही महिला को डिलीवरी पेन शुरू हो गया, तो वहां मौजूद लोगों ने उसकी मदद की। डिलीवरी के बाद अस्पताल प्रबंधन ने महिला और बच्चे को भर्ती कर लिया। इस मामले में तिरुपति के जिला स्वास्थ्य अधिकारी श्रीहरि ने कहा कि आगे से ध्यान रखा जाएगा कि अगर गर्भवती के साथ कोई अटेंडेंट नहीं है, तो भी उसे भर्ती करने से इनकार नहीं किया जाएगा।