नवविवाहिता ने ससुरालवालों को खाने में दिया नशीला पदार्थ! पति समेत तीन की बिगड़ी हालत,भाग रही दुल्हन को ग्रामीणों ने दबोचा
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव चन्दूइया में एक नवविवाहिता पर अपने ही पति, सास और ससुर को खाने में नशीला पदार्थ देकर जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगा है। खाना खाते ही तीनों की हालत बिगड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घर से भागने की फिराक में जुटी बहू को रंगे हाथों दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, तीनों पीड़ितों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस व परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, चन्दूइया निवासी प्रवीण मंडल ने करीब तीन महीने पहले दिल्ली की रहने वाली रोशनी से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद प्रवीण अपनी पत्नी को गांव ले आया था। प्रवीण के पिता मोहन मंडल और मां नमिता मंडल का आरोप है कि शादी के बाद से ही रोशनी घर में आए दिन कलह करती थी। वह इस शादी से खुश नहीं थी और किसी न किसी बहाने से वापस भागने की फिराक में लगी रहती थी।घटना बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे की है। परिजनों के मुताबिक, रोशनी ने रात का खाना बनाया और योजनाबद्ध तरीके से सब्जी में कोई जहरीला या तेज नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाते ही पति प्रवीण, ससुर मोहन मंडल और सास नमिता मंडल की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वे अचेत होने लगे। घर के भीतर से आ रही चीख-पुकार और बदहवासी की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। इसी बीच ग्रामीणों ने देखा कि रोशनी चुपके से घर का दरवाजा खोलकर भागने की कोशिश कर रही है। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत घेरकर पकड़ लिया और पूरनपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को अपनी हिरासत में ले लिया। वहीं, एंबुलेंस के जरिए तीनों पीड़ितों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र यानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ विधि भूषण मौर्या ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ कर रही है और खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच की रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।