• Home
  • News
  • Notification issued for Panchayat by-elections in Uttarakhand! Path cleared for elections to 3,922 vacant seats; voting on the 12th.

उत्तराखंड में पंचायत उपचुनाव की अधिसूचना जारी! 3922 खाली पदों पर चुनाव का रास्ता साफ, 12 को मतदान

editor
  • Awaaz Desk
  • September 27, 2026 11:09 AM
Notification issued for Panchayat by-elections in Uttarakhand! Path cleared for elections to 3,922 vacant seats; voting on the 12th.

देहरादून। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उपचुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के रिक्त चल रहे कुल 3922 पदों के लिए उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही प्रदेश में पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 12 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। 14 अक्टूबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होने के बाद शनिवार को संबंधित जिलाधिकारियों ने भी अपने-अपने जिलों में उपचुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी। हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के शेष 12 जिलों में पिछले वर्ष त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए गए थे। इन चुनावों के दौरान बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ ही ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पद रिक्त रह गए थे। बाद में रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव कराया गया, लेकिन इसके बावजूद विभिन्न कारणों से बड़ी संख्या में पद खाली रह गए। वर्तमान में ग्राम पंचायत सदस्य के 3890, ग्राम प्रधान के 23 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के नौ पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों में हरिद्वार जिले के ग्राम पंचायत सदस्य के 13 और ग्राम प्रधान के तीन पद भी शामिल हैं। रिक्त पदों पर चुनाव कराने का मामला उच्च न्यायालय तक भी पहुंचा था। अब राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कार्यक्रम जारी होने के बाद इन पदों पर चुनाव का रास्ता साफ हो गया है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार उपचुनाव के लिए 30 सितंबर और एक अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। इसके बाद तीन अक्टूबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। चार अक्टूबर को नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। इस दिन सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद पांच अक्टूबर को चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। उपचुनाव के लिए 12 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद 14 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद उसी दिन शाम तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

कहां कितने पद रिक्त



संबंधित आलेख: