ओडिशा में सनसनी: शादी के बाद घर लौट रही दुल्हन का हथियार के बल पर अपहरण,दूल्हे ने दर्ज कराई शिकायत
बलांगीर। ओडिशा के सोनपुर जिले में शादी के तुरंत बाद दुल्हन के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दूल्हा जब अपनी नवविवाहिता पत्नी को लेकर घर लौट रहा था, तभी सुनसान सड़क पर कुछ युवकों ने गाड़ी रोककर बंदूक की नोक पर दुल्हन को अगवा कर लिया। मामले में तरभा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बलांगीर जिले के कामाख्यानगर निवासी रिकू पटेल की शादी बौध जिले के कांटामल राठपाड़ा की एक युवती से तय हुई थी। शनिवार (21 फरवरी) को तय कार्यक्रम के अनुसार बारात कांटामल पहुंची और देर रात विधिवत विवाह संपन्न हुआ। परिवार के लोगों ने बताया कि शादी की सभी तैयारियां पहले से कर ली गई थीं और समारोह में लाखों रुपये खर्च किए गए। रविवार सुबह रिकू अपनी पत्नी के साथ कामाख्यानगर लौट रहा था। इसी दौरान सोनपुर जिले के तरभा थाना क्षेत्र में एक सुनसान स्थान पर कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने हथियार लहराते हुए दुल्हन को जबरन वाहन से उतारा और अपने साथ ले गए। घटना से दूल्हे और उसके परिजन स्तब्ध रह गए। घटना के बाद रिकू पटेल ने तरभा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि अपहरण में शामिल एक युवक दुल्हन के गांव के पास का रहने वाला बताया जा रहा है। अपहरण के पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। दूल्हे पक्ष का आरोप है कि युवती किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध में थी, जिस कारण यह वारदात हुई। दूल्हे की बहन बिलासिनी पटेल ने दावा किया कि शादी में लाखों रुपये खर्च हुए और सोने के गहने व कपड़े दिए गए। परिवार ने इन सभी खर्चों के मुआवजे की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।