उफ ये कोरोनाः चीन में फिर मचा हाहाकार! बढ़ते मामलों ने बढ़ाई चीनी सरकार की टेंशन, लॉकडाउन पर हो रहा पुनः विचार
नई दिल्ली। चीन में कोरोना ने एक बार फिर हाहाकार मचाना शुरू कर दिया है। खबरों की मानें तो यहां लगातार संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बताया जा रहा है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चीनी सरकार ने एक बार फिर से सख्ती बढ़ा दी है और पुनः लॉकडाउन पर विचार किया जा रहा है। चीन की राजधानी बीजिंग में दुकानों के लिए रविवार एक सामान्य कारोबारी दिन होता है और यह आमतौर पर हलचल भरा होता है, विशेष रूप से बुटीक और कैफे में लोगों की काफी भीड़ होती है। लेकिन कोरोना के मामलों में बेतहाशा वृद्धि के चलते लोग डरने लगे हैं और खुद से कारोबार समेटने लगे हैं। मॉल में न क बराबर लोग दिख रहे थे इतना ही नहीं कई सैलून, रेस्तरां और खुदरा दुकानें बंद दिखीं। वहीं संक्रमण के बाद कई दुकानों को जबरन भी बंद किया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले जगहों पर कोरोना टेस्टिंग बढ़ा दी गई है। जिस दुकान या प्रतिष्ठान में संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं उस बंद करने के आदेश दिए गए हैं। कई बाजारों में भीड़ कम करने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं कई लोग संक्रमण के डर से घर से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं।