पलामू हिंसाः तोरणद्वार को लेकर आमने-सामने दो समुदाय! पत्थबाजी और आगजनी, कुछ ही देर में बेकाबू हुए हालात
नई दिल्ली। झारखण्ड के पलामू में महाशिवरात्रि को लेकर तोरणद्वार बनाने के विवाद में आज जिले के पांकी में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी। इस दौरान दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए और पत्थरबाजी के साथ ही मारपीट शुरू हो गयी। इस हिंसा में एक मकान, दो बाइक और दो दुकान आग के हवाले कर दिए गए। एक घंटे से ज्यादा समय तक शहर का मस्जिद चौक इलाका युद्ध का मैदान बना रहा। डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए। कई पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी है, जिसमें क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक आलोक कुमार टुडू भी शामिल हैं। इलाके में रूक-रूक कर पत्थरबाजी जारी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल के साथ आइजी से लेकर डीसी-एसपी तक कैंप कर रहे हैं। बता दें कि पांकी के राहेवीर पहाड़ी पर स्थित शिव मंदिर में हर साल धूमधाम से महाशिवरात्रि मनाया जाता है। इस साल 18 फरवरी को महाशिवरात्रि है। मंदिर कमेटी तैयारी में लगी है। इसी के मद्देनजर मंगलवार की शाम मस्जिद चौक पर तोरणद्वार बनाने के लिए बांस-बल्ली और कपड़ा लेकर मजदूर पहुंचे। एक समुदाय के लोगों ने उन्हें रोक दिया। उनका कहना था कि यहां पर एक धार्मिक स्थल है इसलिए तोरणद्वार बनाने नहीं दी जाएगी। इसे लेकर विवाद हुआ।