गुलदार की 'होटल एंट्री' से दहशत: सीसीटीवी में कैद हुई लाइव मूवमेंट, बाल-बाल बचे लोग
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के समीपवर्ती क्षेत्र भूमियाधार में गुलदार (तेंदुए) के आतंक ने ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ा दी है। ग्राम पंचायत के खूपी तोक में सोमवार रात करीब 8:50 बजे एक गुलदार होटल के मुख्य गेट से अंदर दाखिल होते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, गुलदार होटल के गेट से बेखौफ होकर अंदर आता दिख रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समय गुलदार गेट के अंदर आया, उससे कुछ ही सेकंड पहले वहां चहल-पहल थी। यदि समय का थोड़ा भी अंतर होता, तो कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी। इससे पहले भी इसी गुलदार ने क्षेत्र में एक पालतू जानवर को अपना निवाला बना लिया है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है। इस घटना के बाद खूपी और भूमियाधार क्षेत्र के लोगों ने शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों की आवाजाही यहां आम बात है, लेकिन होटल और रिहायशी घरों के भीतर गुलदार का इस तरह घुसना बेहद चिंताजनक है। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिजन डरे हुए हैं। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाया जाए और रात के समय नियमित गश्त बढ़ाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो गुलदार किसी इंसान को भी अपना निशाना बना सकता है। फिलहाल, पूरा क्षेत्र दहशत के साये में है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।