• Home
  • News
  • Pantnagar: Police face renewed scrutiny following the resolution of a high-value theft case! MLA Tilakraj Behar stated that if the actual stolen property is not recovered within 15 to 20 days, he will launch a major public agitation alongside the affected family.

पंतनगरः लाखों की चोरी के खुलासे पर फिर घिर गई पुलिस! विधायक तिलकराज बेहड़ बोले- 15 से 20 दिन में नहीं मिला असली सामान तो पीड़ित परिवार के साथ करेंगे बड़ा जनआंदोलन

editor
  • Awaaz Desk
  • July 20, 2026 01:07 PM
Pantnagar: Police face renewed scrutiny following the resolution of a high-value theft case! MLA Tilakraj Behar stated that if the actual stolen property is not recovered within 15 to 20 days, he will launch a major public agitation alongside the affected family.

रुद्रपुर। पंतनगर के शांतिपुरी में हुई लाखों रुपये की चोरी का मामला अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। पुलिस के चोरी के खुलासे पर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने गंभीर सवाल उठाए हैं। विधायक ने पीड़ित सेवानिवृत्त शिक्षक प्रकाश चंद के साथ एसएसपी अजय गणपति से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी तो कर ली, लेकिन पीड़ित का वास्तविक चोरी गया सामान अब तक बरामद नहीं हो सका है। पीड़ित का दावा है कि पुलिस द्वारा बरामद किए गए आभूषण और अन्य सामान उनके घर से चोरी हुए सामान में से कुछ भी नहीं हैं। विधायक बेहड़ ने मांग की है कि आरोपियों को दोबारा पुलिस रिमांड पर लेकर सघन पूछताछ की जाए, ताकि चोरी की पूरी साजिश का खुलासा हो सके और असली सामान बरामद किया जा सके। उन्होंने कहा कि केवल गिरफ्तारी को सफल खुलासा नहीं माना जा सकता, जब तक पीड़ित को उसका वास्तविक सामान वापस न मिले। विधायक बेहड़ ने बताया के एसएसपी ने मामले की दोबारा जांच कराने का आश्वासन देते हुए 15 से 20 दिन का समय मांगा है। बेहड़ ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो वह पीड़ित परिवार के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं और कई मामलों में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने में कथित लापरवाही पर भी चिंता जताई है।


संबंधित आलेख: