उत्तराखंड में यातायात नियमों को तोड़ने में देहरादून के लोग सबसे आगे! सात महीने में हुए 13886 चालान
देहरादून संभाग में यातायात नियमों को तोड़ने में देहरादून वासी सबसे आगे हैं। दून के बाद हरिद्वार के लोग भी जमकर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। वहीं उत्तरकाशी और टिहरी के बाशिंदे नियमों का पालन करने को लेकर जागरूक हैं। यह जानकारी परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल द्वारा संभाग में यातायात नियमों को तोड़ने पर वाहन चालकों पर की गई चालानी कार्रवाई के अध्ययन में सामने आई।
विभाग के आंकड़ों के मुताबिक देहरादून जिले में परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ने इस साल जनवरी से अब तक 13886 वाहन चालकों के चालान ट्रैफिक नियम तोड़ने पर किए हैं। जबकि उत्तरकाशी में 2302 और टिहरी में 1628 चालान हुए हैं। दून संभाग में वाहन चालक कई तरह से यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। बड़ी बात यह है कि पुलिस प्रशासन की ओर से ट्रैफिक जागरूकता को चलाए जा रहे तमाम अभियान के बाद भी पूरे संभाग में इस साल यातायात नियम तोड़ने के मामले 64 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। इस साल जनवरी से जुलाई तक परिवहन विभाग ने 49294 चालान किए हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 29941 चालान हुए थे।
इस साल दून संभाग में सबसे ज्यादा 10,422 लोगों के चालान हेलमेट नहीं पहनने पर हुए हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा महज 2748 था। इसके बाद सबसे ज्यादा चालान दुर्घटना के कारकों में हुए हैं। इसमें भी पिछले साल की तुलना में बढ़ोतरी हुई है। दुर्घटना के कारकों में ओवर स्पीड, ओवर लोडिंग, रेड लाइट जंप, नशे का सेवन कर वाहन चलाने और गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात करना आदि शामिल हैं। सिर्फ ओवरस्पीड में ही 5000 से ज्यादा चालान हुए हैं।
जनवरी से जुलाई 2023 तक कार्रवाई
कुल चालान - बगैर हेलमेट - दुर्घटना - सीट बेल्ट सीज किए वाहन
49294 10422 8433 4208 2202
जनवरी से जुलाई 2022 तक कार्रवाई
कुल चालान - बगैर हेलमेट - दुर्घटना - सीट बेल्ट सीज किए वाहन
29941 2748 7423 1393 1917
चालान से प्राप्त रकम
पिछले साल इस साल
7.3 करोड़ रुपये 8.9 करोड़ रुपये
संभाग में प्रवर्तन दल की कार्रवाई
उपसंभाग -- चालान- वाहन बंद- चालान में प्राप्त रकम
देहरादून 13886 356 02 करोड़
हरिद्वार 9402 582 1.3 करोड़
रुड़की 9303 655 2.60 करोड़
ऋषिकेश 7292 189 01 करोड़
विकास नगर 5481 269 85 लाख
उत्तरकाशी 2302 74 40 लाख
टिहरी 1628 - 77 50 लाख