फिर हैवानियतः दुमका में एक और लड़की को जिंदा जलाया! शादीशुदा लड़का फिर शादी करना चाहता था, मना करने पर पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग
नई दिल्ली। झारखंड के दुमका में एक बार फिर एक युवती से हैवानियत की गयी। यहां फिर से पेट्रोल कांड दोहराया गया। बताया जा रहा है कि एकतरफा प्यार में नाकाम युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की।
मामला जरमुंडी थाना क्षेत्र के भालकी भरतपुर गांव का है। गुरुवार की रात आरोपी राजेश राउत ने लड़की के घर में घुसकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। 19 साल की मारुति कुमारी बुरी तरह से झुलस गई। प्राथमिक इलाज के बाद उसे रांची के रिम्स रेफर किया गया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डॉक्टरों के मुताबिक 90 फीसदी जलने की वजह से मारुति की हालत बेहद गंभीर है। मारुति ने अधिकारियों के सामने दिए बयान में बताया कि गुरुवार रात राजेश दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसा और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। शरीर में आग लगते ही जब वह उठी तो उसने राजेश को घर से निकलकर भागते देखा। मारुति जामा थाना क्षेत्र के भैरवपुर गांव की है और बचपन से ही नानी के पास रहती है। आरोपी राजेश रामगढ़ थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव का रहने वाला है। युवती ने अपने बयान में कहा आरोपी उस पर शादी का दबाव बना रहा था, जबकि उसकी शादी इसी साल हुई थी। इसके बाद भी वह मुझसे शादी करना चाहता था। शादी से मना करने पर तीन-चार दिन पहले उसने जलाकर मारने की धमकी दी थी। घटना की सूचना मिलते ही SDPO, DSP, थाना प्रभारी दल बल के साथ पुलिस मौके पर पहुंचे और पीड़िता का बयान दर्ज किया। जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता को तुरंत रांची के रिम्स भेजा है। साथ ही परिवार को एक लाख रुपए की सहायता राशि भी दी गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है लड़की आरोपी राजेश को साल 2021 से जानती है। बता दें कि दुमका में डेढ़ महीने में ऐसी दूसरी घटना है। 23 अगस्त को शाहरुख ने अपने एक दोस्त के साथ 16 साल की लड़की को जला दिया दिया था। शाहरुख ने उसे तब जलाया, जब वह घर में सो रही थी। पीड़ित की इलाज के दौरान मौत भी हो गई थी।