केदारनाथ धाम में तीर्थयात्री की बिगड़ी तबीयत! रेस्क्यू टीम की मुस्तैदी से बची जान, हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में रविवार को एक 66 वर्षीय तीर्थयात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद रेस्क्यू और मेडिकल टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए श्रद्धालु को प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने पर हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट किया गया। रविवार को केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंचे बिहार निवासी 66 वर्षीय राम प्रकाश यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की सूचना मिलते ही धाम में तैनात रेस्क्यू और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। प्राथमिक उपचार देने के बाद श्रद्धालु को स्ट्रेचर के माध्यम से विवेकानंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने मरीज की हालत गंभीर पाई और बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और हेलीकॉप्टर सेवा के समन्वय से कुछ ही समय में एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और मरीज को एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट कर दिया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। समुद्र तल से करीब 11,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ धाम में ऑक्सीजन का स्तर सामान्य क्षेत्रों की तुलना में कम रहता है। ऐसे में हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और श्वास संबंधी बीमारी से पीड़ित यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। प्रशासन ने यात्रा से पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर तुरंत मेडिकल सहायता लेने की अपील की है।