प्लास्टिक मुक्त देवभूमि' का संकल्प: विश्व बाघ दिवस पर सीएम धामी का बड़ा आह्वान
देहरादून। विश्व बाघ दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वन्यजीव सुरक्षा को लेकर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करने का संदेश दिया है। उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा आयोजित विशेष कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश को पूर्ण रूप से 'प्लास्टिक मुक्त राज्य' बनाने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों से खास अपील की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों, प्रमुख पर्यटन स्थलों, नदियों और धार्मिक क्षेत्रों में प्लास्टिक या अन्य प्रकार का कचरा न छोड़ें। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण और उसकी पवित्रता को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध का प्रभावी क्रियान्वयन केवल प्रशासनिक आदेशों से संभव नहीं है। इसके लिए सरकार युवाओं, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों और स्वयंसेवी संगठनों को एक साथ लेकर व्यापक अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'स्वच्छ भारत अभियान' की तर्ज पर इस प्लास्टिक विरोधी मुहिम को भी राज्य में एक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। नई पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करके ही हम उत्तराखंड के हरित और सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित कर सकते हैं।