• Home
  • News
  • PM Modi's Big Gift to the Youth: Appointment Letters Handed Over to Over 51,000 Young People at the 19th Rozgar Mela

पीएम मोदी का युवाओं को बड़ा तोहफा: 19वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 23, 2026 08:05 AM
PM Modi's Big Gift to the Youth: Appointment Letters Handed Over to Over 51,000 Young People at the 19th Rozgar Mela

नई दिल्ली। देश के युवाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। 19वें रोजगार मेले के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक साथ देश के 47 अलग-अलग स्थानों पर 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र (अपॉइंटमेंट लेटर) सौंपे। इस बार चयनित युवाओं को भारतीय रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग और अन्य प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों में देश सेवा करने का अवसर मिला है।  इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी हालिया पांच देशों की विदेश यात्रा का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पांच देशों का दौरा नहीं था, बल्कि वैश्विक पटल पर भारत के युवाओं के लिए असीमित अवसरों के नए द्वार खोलने का माध्यम था। प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेश यात्रा के दौरान उनकी दुनिया की कई बड़ी कंपनियों के सीईओ और वैश्विक नेताओं के साथ विस्तार से चर्चा हुई। दुनिया आज भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनने के लिए बेहद उत्साहित है। हर देश भारत के युवाओं की क्षमता और हमारी तकनीकी प्रगति का लोहा मान रहा है। हमारी वैश्विक साझेदारियों का एकमात्र मुख्य उद्देश्य यही है कि देश के युवाओं के लिए नए अवसर और रोजगार पैदा किए जा सकें, ताकि उन्हें वैश्विक स्तर का अनुभव हासिल हो। प्रधानमंत्री ने भविष्य के आधुनिक उद्योगों को ध्यान में रखते हुए पांच प्रमुख देशों के साथ हुए समझौतों का ब्योरा साझा किया, जो आने वाले समय में रोजगार के नए साधन बनेंगे। सेमीकंडक्टर, वॉटर मैनेजमेंट (जल प्रबंधन), आधुनिक खेती और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग (उन्नत विनिर्माण) के क्षेत्र में तकनीकी समझौता।आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल नवाचार (इन्नोवेशन) को बढ़ावा देने पर सहमति। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ग्रीन एनर्जी (हरित ऊर्जा) और नौपरिवहन (शिपिंग) के क्षेत्र में साझेदारी। रणनीतिक ऊर्जा और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी (टेक्नोलॉजी) के क्षेत्र में बड़ा करार। रक्षा क्षेत्र, महत्वपूर्ण खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स) और तकनीक के आदान-प्रदान को लेकर अहम बातचीत। रोजगार मेले के माध्यम से पीएम मोदी ने स्पष्ट कर दिया कि सरकार न केवल पारंपरिक क्षेत्रों में रोजगार दे रही है, बल्कि युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने के लिए एआई और सेमीकंडक्टर जैसे भविष्य के क्षेत्रों के लिए भी तैयार कर रही है। नए नियुक्त हुए युवाओं में इस अवसर पर भारी उत्साह देखने को मिला।


संबंधित आलेख: