पीएम नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
केरल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय रेल मंत्री, केरल के सीएम, केरल के राज्यपाल और कांग्रेस सांसद शशि थरूर मौजूद रहे. अब से थोड़ी ही देर में पीएम मोदी कोच्चि में वाटर मेट्रो का उद्घाटन करेंगे. पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर केरल पहुंचे हुए हैं. सोमवार को पीएम मोदी ने चर्च के पादरियों से मुलाकात की. करीब दो किलोमीटर तक पैदल रोड शो किया. इस दौरान सड़क के दोनों तरफ पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोग भी मौजूद थे.
हर कोई पीएम मोदी की एकल झलक पाना चाहता था. पीएम मोदी ने केरल की सरकार पर भी जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी आज कोच्चि में देश की पहली वाटर मेट्रो का उद्घाटन भी करेंगे. वाटर मेट्रो शुरू होने से कोच्चि के लोगों को आवागमन में ज्यादा राहत मिलेगी. इसके अलावा पीएम मोदी वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे.
प्रधानमंत्री ने लैटिन कैथोलिक चर्च के वरिष्ठ पादरी आर्कबिशप जोसेफ कलथीपरमबिल, कनानया चर्च के आर्कबिशप मैथ्यू मूलाक्कट्ट, कनानया जैकोबाइट के आर्कबिशप आर्कडिकोसे कुरियाकोस मार सेवियर्स और चेल्डियन सीरियाई चर्च के मेट्रोपोलिटन एम. एवगिन कुरियाकोस से भी मुलाकात की. भाजपा के जनसंपर्क अभियान ‘स्नेह यात्रा’ के तहत होटल ताज मालाबार में यह मुलाकात हुई। इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने यहां एक विशाल रोड शो किया और पार्टी द्वारा आयोजित युवा सम्मेलन ‘युवम 2023’ को भी संबोधित किया.