उत्तराखंड में रसूख पर भारी पड़ी पुलिस: यूपी के मंत्री पुत्र की गाड़ी का कटा चालान, 'विधायक' का बोर्ड और हूटर जब्त
पौड़ी। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए मुस्तैद पौड़ी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। श्रीनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने नियमों की धज्जियां उड़ा रही एक वीआईपी गाड़ी को न सिर्फ रोका, बल्कि उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई भी की। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी उत्तर प्रदेश के एक मंत्री के पुत्र की थी, जिस पर 'विधायक' का बोर्ड लगा हुआ था। पहाड़ों पर सुगम यातायात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि नियम तोड़ने वाला चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
जानकारी के अनुसार, श्रीनगर क्षेत्र में जब पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी, तभी उत्तर प्रदेश के नंबर वाली एक लग्जरी गाड़ी वहां से गुजरी। गाड़ी पर आगे की तरफ बड़े-बड़े अक्षरों में “विधायक” का बोर्ड चमचमा रहा था। इतना ही नहीं, नियमों को ताक पर रखकर गाड़ी के सभी शीशों पर गहरे रंग की काली फिल्म चढ़ाई गई थी और वीआईपी का अहसास कराने के लिए अवैध रूप से हूटर भी लगाया गया था। पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए गाड़ी पर लगे अवैध हूटर को तुरंत जब्त कर लिया। इसके साथ ही, वीआईपी कल्चर को ठेंगा दिखाते हुए गाड़ी के शीशों पर चढ़ी काली फिल्म को मौके पर ही उतरवाया गया। नियमों के उल्लंघन और प्रतिबंधात्मक उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर वाहन चालक का भारी-भरकम चालान भी काटा गया। पौड़ी पुलिस के मुताबिक, चारधाम यात्रा के चलते इस समय उत्तराखंड के पर्वतीय मार्गों पर वाहनों का भारी दबाव है। ऐसे में कई रसूखदार वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर स्वयं के साथ-साथ अन्य मासूम यात्रियों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे हैं। पौड़ी पुलिस की वाहन चालकों से अपील:यात्रा के दौरान यातायात और परिवहन नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें। वाहनों पर किसी भी प्रकार के अवैध और भ्रामक बोर्ड (जैसे विधायक, मंत्री आदि) न लगाएं। काली फिल्म, हूटर या किसी भी प्रतिबंधित उपकरण का प्रयोग बिल्कुल न करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपकी एक छोटी सी लापरवाही या नियमों को तोड़ने की आदत पहाड़ों पर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस का यह सघन चेकिंग अभियान यात्रा मार्ग पर लगातार जारी रहेगा।