• Home
  • News
  • Political Amity on Display During Courtesy Call: CM Samrat Chaudhary Meets Governor Nandkishore Yadav

शिष्टाचार भेंट में दिखा सियासी सौहार्द, सीएम सम्राट चौधरी ने राज्यपाल नंदकिशोर यादव से की मुलाकात

editor
  • Tapas Vishwas
  • April 21, 2026 07:04 AM
Political Amity on Display During Courtesy Call: CM Samrat Chaudhary Meets Governor Nandkishore Yadav

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन दिनों वरिष्ठ नेताओं और मार्गदर्शकों से मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को उन्होंने नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव से उनके पटना सिटी स्थित निजी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद दोनों नेताओं के बीच हुई इस औपचारिक भेंट के दौरान काफी सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जब राज्यपाल के आवास पर पहुंचे, तो उन्होंने पुष्प गुच्छ भेंट कर नंदकिशोर यादव के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। वहीं, राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने पर हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र पहनाकर और एक विशेष प्रतीक चिह्न भेंट कर उनका पारंपरिक स्वागत किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मुलाकात की जानकारी खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर दी। उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "वरिष्ठ भाजपा नेता और नागालैंड के माननीय राज्यपाल नंदकिशोर यादव जी से उनके आवास पर जाकर शिष्टाचार मुलाकात की।" राज्यपाल ने भी अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री के निर्वाचन पर खुशी जाहिर की। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार अनुभवी नेताओं से मिल रहे हैं। इससे ठीक एक दिन पहले रविवार को उन्होंने पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद से भी उनके आवास पर जाकर मुलाकात की थी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री की ये मुलाकातें प्रदेश के विकास के लिए वरिष्ठों के अनुभव को साथ लेकर चलने की उनकी रणनीति का हिस्सा हैं। इन मुलाकातों से कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है।


संबंधित आलेख: