• Home
  • News
  • Political row over extravagant spending running into crores: Opposition demands an account, questions the silence of the ED and the Income Tax Department.

करोड़ों के शाही खर्च पर सियासी संग्राम: विपक्ष ने मांगा हिसाब, ईडी और आयकर विभाग की चुप्पी पर भी दागे सवाल

editor
  • Awaaz Desk
  • November 27, 2026 05:11 AM
Political row over extravagant spending running into crores: Opposition demands an account, questions the silence of the ED and the Income Tax Department.

पटना। मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की 25 नवंबर 2026 को पटना जिले के बाढ़ स्थित नदवां गांव में हुई भव्य शादी के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। ताजमहल की तर्ज पर बने विशाल टेंट और लाखों मेहमानों के जुटान वाले इस आयोजन को लेकर विपक्ष ने खर्च के स्रोत, भीड़ प्रबंधन और सामाजिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आरजेडी सांसद मीसा भारती ने शादी में हुए भारी-भरकम खर्च पर निशाना साधते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब लालू प्रसाद यादव की बेटी की शादी हुई थी, तब जांच एजेंसियों ने उनके परिवार को नोटिस भेजे थे। मीसा भारती ने पूछा कि अब इतने भव्य आयोजन पर केंद्रीय एजेंसियां चुप्पी क्यों साधे हुए हैं और खर्च का हिसाब क्यों नहीं मांगा जा रहा है? वहीं, समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने बिहार में गरीबी और कुपोषण के आंकड़ों का हवाला देते हुए इस भव्यता को "गरीबों के जले पर नमक छिड़कने जैसा" करार दिया।

विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए विधायक अनंत सिंह ने करोड़ों रुपये खर्च होने के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। अनंत सिंह का कहना है कि इस आयोजन में उनका कोई बड़ा पैसा खर्च नहीं हो रहा है, बल्कि टेंट से लेकर अन्य सभी व्यवस्थाओं का खर्च उनके दोस्त उठा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि बेटी की शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद वे अदालत के निर्देशानुसार सरेंडर कर देंगे। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में उन्हें 1 दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है। अनंत सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आपराधिक मामलों को झूठा बताया है। इससे पहले, पार्टी विरोधी गतिविधियों और एमएलसी नीरज कुमार से विवाद के चलते जेडीयू उन्हें पार्टी से निष्कासित कर उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश भी कर चुकी है। दूसरी ओर, इस आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर भी कई सवाल उठे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भोज के दौरान भारी भीड़ के कारण पत्तलों को लेकर धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। इसके अलावा, समारोह स्थल के आसपास सड़कों पर लंबा जाम लगा रहा। खबरों के मुताबिक, आयोजन के तहत रखी गई घुड़दौड़ देखने आए बेगूसराय के एक युवक की मौत और बेकाबू भीड़ के कारण सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला स्थगित करना पड़ा। अब सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज है कि विपक्ष के सवालों के बाद क्या केंद्रीय जांच एजेंसियां इस मामले में कोई कदम उठाएंगी।


संबंधित आलेख: