• Home
  • News
  • Political uproar over student protest: MLA Shweta Singh lashes out in Dhanbad against police action at Jantar Mantar; declares Congress will not allow students' voices to be suppressed.

छात्र आंदोलन पर सियासी बवाल: जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ धनबाद में बरसीं विधायक श्वेता सिंह, बोलीं-छात्रों की आवाज दबाने नहीं देगी कांग्रेस

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 22, 2026 12:07 PM
Political uproar over student protest: MLA Shweta Singh lashes out in Dhanbad against police action at Jantar Mantar; declares Congress will not allow students' voices to be suppressed.

धनबाद। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में धांधली के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद देश भर में सियासत पूरी तरह गरमा गई है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में बोकारो से कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह धनबाद पहुँचीं, जहाँ उन्होंने सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार पर तीखे हमले बोले। उन्होंने दोटुक कहा कि पुलिस बल और लाठियों के दम पर युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस पार्टी छात्रों के न्याय की इस लड़ाई को सड़क से सदन तक पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर देश के भविष्य यानी छात्र लंबे समय से निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की जायज मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने और समाधान निकालने के बजाय लाठी के बल पर आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे असहाय छात्रों पर दिल्ली पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया और उनके साथ बदसलूकी व अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक को अपनी बात और विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार पुलिसिया कार्रवाई के जरिए तानाशाही रवैया अपना रही है। शिक्षा व्यवस्था में आ रही लगातार गड़बड़ियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कांग्रेस विधायक ने केंद्र सरकार के सामने प्रमुख मांगे रखीं। नीट पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जाए ताकि असली दोषियों को बेनकाब किया जा सके। मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से त्यागपत्र दें। देश की संपूर्ण शिक्षा व्यवस्था में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं पर सख्त कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाए जाएं। श्वेता सिंह ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और घोटालों के कारण देश के करोड़ों मेहनती युवाओं का व्यवस्था और भविष्य से भरोसा डगमगा रहा है। सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाकर छात्रों के मन से इस अविश्वास को दूर करना होगा। प्रेसवार्ता के अंत में श्वेता सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी पहले दिन से ही पीड़ित और संघर्षरत छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने दोहराया कि युवाओं के हक और अधिकार के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता प्रतिबद्ध है।
 


संबंधित आलेख: