• Home
  • News
  • Politics heats up in the Bankipur by-election: Nitish Kumar makes an emotional appeal to voters, urging them to support the NDA to maintain the pace of development.

बांकीपुर उपचुनाव में गरमाई सियासत: नीतीश कुमार का वोटरों से भावुक अपील,बोले-विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए एनडीए को दें समर्थन

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 28, 2026 05:07 AM
Politics heats up in the Bankipur by-election: Nitish Kumar makes an emotional appeal to voters, urging them to support the NDA to maintain the pace of development.

पटना। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव को लेकर चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। मतदान से ठीक पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने मतदाताओं के नाम एक वीडियो संदेश जारी कर एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान की अपील की है। उनके संदेश के बाद चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

वीडियो संदेश में नीतीश कुमार ने बांकीपुर की जनता को प्रणाम करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों में जनता के विश्वास और सहयोग से राज्य में सुशासन और विकास की दिशा में लगातार काम किया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए जनता का हर वोट महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान के दिन कमल के निशान का बटन दबाकर एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाएं। नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि विकास, सुशासन और जनकल्याण की योजनाओं को गति देने के लिए स्थिर नेतृत्व जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर विकास के पक्ष में फैसला करेगी। उधर, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी चुनाव प्रचार को धार देते हुए मतदाताओं से नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में वोट करने की अपील की। उन्होंने नीरज सिन्हा को पार्टी का समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा बूथ अध्यक्ष के रूप में शुरू की थी। इसके बाद मंडल अध्यक्ष बने और अब एनडीए के उम्मीदवार के रूप में जनता के बीच हैं। नितिन नवीन ने कहा कि ऐसे कर्मठ कार्यकर्ता को जनता का आशीर्वाद मिलना चाहिए। बांकीपुर विधानसभा सीट का यह उपचुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह सीट नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई। लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने और बाद में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के कारण यह सीट रिक्त हुई थी। निर्वाचन आयोग ने 2 जुलाई को उपचुनाव की घोषणा की थी। 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बार बांकीपुर में मुकाबला त्रिकोणीय होता दिखाई दे रहा है। एनडीए की ओर से नीरज कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से रेखा गुप्ता और जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में हैं। तीनों दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को बीजेपी और राजद ने अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया, जबकि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से सीधे संवाद कर रहे हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में सभी दल मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम केवल एक विधानसभा सीट का फैसला नहीं होगा, बल्कि यह बिहार की बदलती राजनीतिक दिशा का भी संकेत देगा। ऐसे में सभी दलों की नजर अब 30 जुलाई के मतदान और 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हुई है।


संबंधित आलेख: