• Home
  • News
  • Politics heats up over the Ayodhya bulldozer action! Akhilesh Yadav gave ₹1 lakh each to the affected families and promised that if the SP government comes to power, he would ensure they get their homes back.

अयोध्या बुलडोजर एक्शन पर सियासत तेज! अखिलेश यादव ने प्रभावित परिवारों को दिए 1-1 लाख रुपये, बोले- सपा सरकार आई तो वापस दिलाएंगे घर

editor
  • Awaaz Desk
  • September 24, 2026 10:09 AM
Politics heats up over the Ayodhya bulldozer action! Akhilesh Yadav gave ₹1 lakh each to the affected families and promised that if the SP government comes to power, he would ensure they get their homes back.

अयोध्या/लखनऊ। अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई के बाद सियासत तेज हो गई है। कार्रवाई से प्रभावित परिवारों ने बुधवार को पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से लखनऊ में मुलाकात की। इस दौरान अखिलेश यादव ने नौ प्रभावित परिवारों को व्यक्तिगत रूप से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक दिए। अखिलेश यादव ने प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और सरकार से पीड़ितों को उचित मुआवजा तथा पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर जिन परिवारों के घर और दुकानें प्रभावित हुई हैं, उनके हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए। अखिलेश ने यह भी कहा कि यदि मौजूदा सरकार के स्तर पर प्रभावितों को न्याय नहीं मिलता है तो समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उनके पुनर्वास और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए अयोध्या प्रशासन ने हाल में कई भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की थी। प्रशासन का कहना है कि प्रस्तावित मार्ग की जद में आने वाले अतिक्रमण को हटाया गया है। जिलाधिकारी के अनुसार कार्रवाई से पहले सर्वे और कमेटी की प्रक्रिया अपनाई गई तथा उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में कार्रवाई की गई। प्रभावित लोगों के मुआवजे को लेकर प्रशासन की ओर से बातचीत की बात भी कही गई है। वहीं प्रभावित परिवारों की ओर से कार्रवाई के तरीके, मुआवजे और पुनर्वास को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद भी प्रभावित परिवारों के समर्थन में धरने पर बैठे हैं और मुआवजे की मांग उठा रहे हैं। अखिलेश यादव से आर्थिक सहायता पाने वाले प्रभावितों में रोहित यादव, सपना रामपाल, प्रीति, हरिराम यादव, पूनम गुप्ता, संजय कुमार झा, राजेंद्र यादव, योगेश कोरी और दया शंकर यादव शामिल रहे। इस मुलाकात के बाद पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ने सपा नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में विकास कार्यों के नाम पर आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव, भदरसा चेयरमैन मोहम्मद राशिद, अमृत राजपाल समेत पार्टी के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


संबंधित आलेख: