सियासतः गुजरात दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी! सोमनाथ मंदिर में टेका मत्था, सभा में बोले- गुजरात विकसित और समृद्ध बनाना भाजपा का लक्ष्य
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के दौरे पर हैं आज दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी सौराष्ट्र क्षेत्र में चार रैलियां करेंगे। इससे पहले मोदी ने सोमनाथ मंदिर के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। वहीं गृहमंत्री अमित शाह भी रविवार को तापी और नर्मदा जिले में रैलियां करेंगे। यहां हुई सभा को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा का एक ही लक्ष्य है कि हमारा गुजरात विकसित और समृद्ध बने। हमारे दो दशकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है कि भाजपा को लोगों का अपार आशीर्वाद मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि गुजरात एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हुआ है। आज सोमनाथ मंदिर बदल गया है। आज लाखों श्रद्धालु सोमनाथ आ रहे हैं। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में दुनिया के सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं। पीएम मोदी ने रैली के दौरान सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। मोदी ने कहा कि पहले लोगों को पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं थीं। आज तमाम योजनाओं से दूर-दराज के गांव तक पानी पहुंचा है। पहले महिलाओं को पानी लाने के लिए दूर-दूर जाना पड़ता था, लेकिन हमने नल जल योजना के माध्यम से घर-घर पानी पहुंचाया है। इसलिए आज उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं का जीवन बदल गया है। मोदी ने कहा कि हम किसानों और समुद्री किसानों के लिए एक योजना लेकर आए हैं। गुजरात के मछुआरे अब दुनिया को दोगुना निर्यात कर रहे हैं। इसलिए हमने मछुआरों को सूदखोरों से भी छूट दी है। मोदी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि ज्यादा से ज्यादा वोट और ज्यादा से ज्यादा पोलिंग बूथ जीतना मकसद है।