सियासतः राहुल गांधी ने एमपी में खेला ओबीसी कार्ड! भाजपा पर बोला जबरदस्त हमला, बोले- सत्ता में आए तो सबसे पहले जातीय जनगणना कराएंगे
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज शनिवार को मध्य प्रदेश में पार्टी की जन आक्रोश यात्रा में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जबरदस्त हमला बोला। इस मौके पर राहुल कालापीपल विधानसभा के पोलायकला पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि यह विचारधाराओं की लड़ाई है जिसमें एक तरफ कांग्रेस है और दूसरी तरफ बीजेपी और आरएसएस है। गांधीजी एक तरफ और गोडसे दूसरी तरफ। ये लड़ाई नफरत बनाम प्यार और भाईचारे की है। राहुल ने महिला आरक्षण विधेयक में ओबीसी को शामिल किए जाने पर सवाल उठाए और बड़ी घोषणा की। राहुल ने कहा कि देश के समक्ष एकमात्र मुद्दा जाति जनगणना है।
केंद्र की सत्ता में आने के बाद हम सबसे पहला काम जाति जनगणना कराएंगे। ये काम कांग्रेस सरकार ने किया। डेटा सरकार के पास है, लेकिन नरेंद्र मोदी इस डेटा को आपके साथ साझा नहीं करना चाहते हैं। राहुल का कहना था कि जब मैं सवाल पूछता हूं कि देश में कितने दलित, ओबीसी, आदिवासीए, जनरल हैं तो कोई इसका जवाब नहीं दे पाता है। महिला आरक्षण बिल लेकर आ रहे हैं, लेकिन पहले इन दो लाइनों को हटा दें। आरक्षण लागू करने के लिए एक सर्वे की आवश्यकता है। परिसीमन से महिला आरक्षण में 10 साल की देरी होगी। महिला आरक्षण में ओबीसी को रिजर्वेशन क्यों नहीं दिया?
मोदी जी कहते हैं कि मैं ओबीसी हूं तो आपने ओबीसी महिलाओं को आरक्षण क्यों नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भारत को 90 अधिकारी चलाते हैं। भारत सरकार के कैबिनेट सचिव और सचिव सरकार चलाते हैं। इनमें से सिर्फ 3 ही ओबीसी अधिकारी हैं। ओबीसी का सटीक परर्सेंटेज कोई नहीं बता सकता, क्योंकि जातीय जनगणना नहीं हुई है। करीब 50 फीसदी आबादी ओबीसी है, लेकिन अधिकारी सिर्फ तीन हैं। भारत सरकार के बजट में से कितने पर फैसले लेते हैं ये तीनों अधिकारी?
45 लाख करोड़ का बजट है और बजट का केवल 5 फीसदी हिस्सा ही ओबीसी अधिकारियों के नियंत्रण में है। राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ओबीसी की सरकार नहीं चलाते। लेकिन आरएसएस ने उन्हें नफरत फैलाने का काम दे दिया है। राहुल ने कहा कि कानून RSS वाले लोग बनाते हैं। कानून अफसर बनाते हैं। कानून भाजपा के सांसद और विधायक नहीं बनाते। मैं हिंदुस्तान के सभी OBC से पूछता हूं कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि सरकार में आपकी भागीदारी है। आप बताइए इन 90 अफसरों में OBC कितने हैं?