सियासतः राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला! देश को सच बताने के लिए करना होगा सत्याग्रह, बोले- मोदी के मीडिया मित्र...
नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा जारी है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश को सच बताने के लिए सत्याग्रह करने पर जोर दिया है। उनका कहना है कि मीडिया पर मोदी सरकार का कब्जा हो गया है। ऐसे में जनता को वहां से सच का पता नहीं चल सकेगा। लोगों की पीड़ा को समझने जानने के लिए सत्याग्रह करना होगा। अपनी यात्रा को उन्होंने गरीबों, कामगारों और पीड़ितों की आवाज बताई। रविवार को राहुल गांधी झारखंड के धनबाद में थे। वहां उन्होंने श्रमिकों से मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करने का आह्वान किया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कांग्रेस नेता ने लिखा कि मोदी के मीडिया मित्र आपको देश का सच कभी नहीं बताएंगे, अब देश को सच बताने के लिए हमें सत्याग्रह करना होगा। कल मैंने अपना माइक सीधा ट्रेड यूनियन के अपने भाई को दिया, आप इन्हीं से गरीब श्रमिकों की पीड़ा सुनिए और सभी तक पहुंचाइये। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कामगारों को कॉन्ट्रैक्ट पर रखे जाने की प्रवृत्ति को बढ़ावा दिया है। 2011 तक सिर्फ 28% फैक्ट्रियां कॉन्ट्रैक्ट वर्कर रखती थी, 2020 तक यह संख्या बढ़कर 98% हो गई। ठेके पर रखे जाने से हर श्रमिक कमज़ोर हो रहा है। सैलेरीड श्रमिकों में भी आधे से अधिक नियमित घंटों से अधिक काम करते हैं, उन्हें न PF मिलता है और न ही पेंशन, इसलिए आज हर कामगार को अपना और अपने परिवार का भविष्य अंधकारमय दिखाई दे रहा है।