सियासतः युवाओं के साथ ‘चाय की चुस्की’! हैदराबाद में अलग अंदाज में दिखे राहुल गांधी, चाय की दुकान पर बेरोजगार युवाओं से की मुलाकात
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों तेलंगाना विधानसभा चुनावों को लेकर व्यस्त हैं। शनिवार को वह हैदराबाद में एक चाय की दुकान पर युवाओं से मिलते और बातचीत करते देखे गए। राहुल गांधी ने अशोक नगर और मुशीराबाद निर्वाचन क्षेत्र का दौरा किया, जहां उन्होंने बेरोजगार युवाओं से बात की। अशोक नगर शहर में कोचिंग सेंटरों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं का केंद्र है। राज्य में कांग्रेस की चुनावी गारंटी में सत्ता में आने के बाद पहले साल में दो लाख नौकरियां देना शामिल है। इस बीच राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर कहा कि उन्होंने अशोक नगर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि उनके सपनों को वास्तविकता में बदलना हमारा कर्तव्य है। यही कारण है कि हमने तेलंगाना में हमारी सरकार के पहले साल के भीतर दो लाख सरकारी नौकरियों को भरने के लिए एक नौकरी कैलेंडर जारी किया है। ये सिर्फ एक वादा नहीं है ये कांग्रेस की गारंटी है।