राजनीति हलचल:आम आदमी पार्टी में पैदा हुई अंतर्कलह, टिकट बंटवारे को लेकर मचा हंगामा,नारे लगे"दागी लोगो को टिकट बांटना बंद करो! किसे दी चोर की उपाधि,पढ़िए
पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में बीजेपी कांग्रेस और आप एक दूसरे पर आये दिन निशाना साधते रहते है लेकिन इस बार कुछ ऐसा हुआ कि आम आदमी पार्टी की खुद की ही किरकिरी हो गयी।इस बार आम आदमी पार्टी खुद अंतर्कलह में फंस गई है। शुक्रवार को जालंधर में पार्टी के प्रभारी राघव चड्ढा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टिकट बंटवारे को लेकर भयंकर हंगामा हो गया। भ्रष्ट लोगों को टिकट बांटने का आरोप लगाते हुए वहां आप के ही लोग नारे लगाने लगे, 'दागी लोगों को टिकट बांटना बंद करो'। और राघव चड्ढा की कार को कार्यकर्ताओं ने घेर लिया और उनके खिलाफ 'राघव चड्ढा चोर है' के नारे लगाने लगे। इन कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लीडरशिप ने पुराने पार्टी कार्यकर्ताओं को किनारे लगा दिया है। हंगामे के चलते राघव चड्ढा की प्रेस कॉन्फ्रेंस एक घंटे लेट हो गई और फिर शुरू भी हुई तो वह बीच में ही छोड़कर निकल गए। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करने वाले डॉ. शिव दयाल माली ने कहा, 'पार्टी में अब अच्छे लोग ही नहीं बचे हैं। बस चापलूस चौकड़ी चार बंदों की बची है।' इन नारो की वजह से वहां भारी उपद्रव की स्थिति पैदा हो गई और कार्यकर्ता आपस में ही मारपीट करने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि राघव चड्ढा को प्रेस क्लब के पिछले दरवाजे से निकलकर भागना पड़ा।
भाजपा और कांग्रेस के नेताओं की ओर से ये वीडियो फुटेज शेयर किए जा रहे हैं।हालांकि इन दावों की पुष्टि नहीं की जा सकती,लेकिन इन वीडियो में दावा किया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं की पिटाई के चलते राघव चड्ढा मौके से भाग निकले। कुछ वीडियो में राघव चड्ढा पिछले दरवाजे से निकलते दिख रहे हैं। वह आम आदमी पार्टी में दूसरे दलों से आए नेताओं के स्वागत करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन टिकट बंटवारे से नाराज कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया, इन लोगों के हाथों में काले झंडे थे और सिर पर काली पट्टी बांध रखी थी। ये सारे कार्यकर्ता टिकट बंटवारे में हो रही धांधली के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे।