• Home
  • News
  • Preparations for Special Intensive Revision Intensify in Uttarakhand; Key Meeting Held in Dehradun

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां तेज, देहरादून में हुई अहम बैठक

editor
  • Tapas Vishwas
  • March 16, 2026 01:03 PM
Preparations for Special Intensive Revision Intensify in Uttarakhand; Key Meeting Held in Dehradun

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी अप्रैल माह में प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों को लेकर सोमवार को देहरादून में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को और अधिक सटीक व अद्यतन बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक की पहल मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने की थी, जिसमें निर्वाचन विभाग राजस्थान के अधिकारियों ने भी भाग लिया। बैठक के दौरान राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने हाल ही में राजस्थान में संपन्न विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया और अनुभवों पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने मतदाता सूची के सत्यापन, डाटा मैपिंग और बूथ स्तर पर कार्य प्रणाली से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को साझा किया।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि उत्तराखंड में मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक लगभग 87 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। जिन मतदान केंद्रों पर यह कार्य धीमी गति से चल रहा है, वहां संबंधित अधिकारियों को समय सीमा तय कर जल्द से जल्द मैपिंग प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने का प्रयास किया जाता है, जिससे योग्य मतदाताओं को मतदान का अधिकार सुनिश्चित हो सके और किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते सुधारा जा सके। बैठक में निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और राज्य के सभी जनपदों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्रा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान एम.एम. तिवारी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास और एन.के. मीणा भी उपस्थित रहे। इसके अलावा देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित सभी जनपदों के डिप्टी डीईओ, अपर जिला अधिकारी और नेशनल तथा स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स ने भी बैठक में भाग लिया। अधिकारियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए समन्वय के साथ काम करने का संकल्प लिया।


संबंधित आलेख: