जाम से राहत की तैयारीः देहरादून पुलिस का बड़ा ट्रैफिक प्लान लागू! 180 जवान और ड्रोन कैमरे संभालेंगे मोर्चा
देहरादून। वीकेंड पर मसूरी और आसपास के पर्यटन स्थलों की ओर बढ़ने वाली वाहनों की भारी भीड़ को देखते हुए देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरे रूट को पांच सुपर जोन, 10 जोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है, जहां पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लगातार निगरानी रखेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि वीकेंड पर देहरादून, मसूरी और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इससे कई स्थानों पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ जाता है और लंबा जाम लगने की स्थिति बन जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार ट्रैफिक संचालन के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और यातायात सुचारु रूप से चलता रहे।
पुलिस प्रशासन ने आशारोड़ी, डोईवाला और मसूरी की ओर आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी अलग-अलग पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है ताकि किसी भी स्थान पर यातायात बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। इसके लिए 180 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को विशेष रूप से तैनात किया जाएगा, जो प्रमुख चौराहों, हाईवे, संवेदनशील मोड़ों और पर्यटक स्थलों के आसपास मुस्तैद रहेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी के लिए इस बार तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने तीन ड्रोन कैमरों को तैनात करने का निर्णय लिया है। ये ड्रोन लगातार भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, हाईवे और संवेदनशील स्थानों की निगरानी करेंगे। ड्रोन से प्राप्त लाइव फीड के आधार पर कंट्रोल रूम से ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर तत्काल रूट डायवर्ट कर जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जाएगा।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी रूट पर वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ता है तो तत्काल प्रभाव से वैकल्पिक मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि इस दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों, जैसे एंबुलेंस, पुलिस वाहन और फायर सर्विस को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा और न ही उन्हें डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अलग से व्यवस्था बनाई गई है। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर लें और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही अनावश्यक रूप से सड़क किनारे वाहन खड़ा न करें, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है और जाम की समस्या गंभीर हो जाती है।