शिक्षा के मंदिर की दहलीज पर जिस्मफरोशी: स्कूल के पीछे चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस छापे में दो गिरफ्तार और तीन युवतियां रेस्क्यू
देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र के किशननगर इलाके में एक स्कूल के पीछे किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर संदिग्ध गतिविधियों का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि इलाके में इस घटना के बाद सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, किशननगर क्षेत्र में लंबे समय से कुछ संदिग्ध गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। आरोप है कि स्कूल के पीछे स्थित एक किराये के मकान में अवैध रूप से देह व्यापार का कारोबार संचालित किया जा रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन मामला तब चर्चा में आया जब क्षेत्र की पार्षद नंदिनी शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर पूरे मामले को सार्वजनिक कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। कैंट थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आशीष पांडे और जंग बहादुर नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मकान से तीन युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क कितने समय से संचालित हो रहा था। कैंट थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने करीब छह महीने पहले किराये पर मकान लिया था और उसी की आड़ में यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि स्कूल के पास इस तरह की गतिविधियां बच्चों और समाज दोनों के लिए गंभीर खतरा हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।