नैनीताल:चलते-चलते राहगीरों पर गिरा विशाल पेड़,दो लोग हुए घायल, SDRF ने किया रेस्क्यू
नैनीताल। लगातार हो रही बारिश के चलते नैनीताल में जनजीवन प्रभावित हो गया है। गुरुवार देर रात मल्लीताल स्थित न्यू पैवेलियन होटल के समीप अचानक बांज का एक विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर गया। हादसे के समय वहां से गुजर रहे दो राहगीर पेड़ की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एसडीआरएफ के जवानों ने एक घायल को अपनी पीठ पर उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया, जबकि दूसरे घायल को स्ट्रेचर के माध्यम से रेस्क्यू किया गया।

हादसे में 58 वर्षीय अब्दुल वाशिद्ध तथा 32 वर्षीय दीवान चंद्र आर्या घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को सामान्य चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद राहत टीमों ने सड़क पर गिरे विशालकाय पेड़ को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कर दिया। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा पेड़ों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।