• Home
  • News
  • Rajasthan's Explosive Comeback: Team Climbs to Third Place After Defeating Punjab—Major Shake-up in the Points Table

राजस्थान का धमाकेदार पलटवार: पंजाब को हराकर तीसरे स्थान पर पहुंची टीम, प्वाइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर

editor
  • Tapas Vishwas
  • April 29, 2026 07:04 AM
Rajasthan's Explosive Comeback: Team Climbs to Third Place After Defeating Punjab—Major Shake-up in the Points Table

आईपीएल के मौजूदा सीजन में मंगलवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। अजेय नजर आ रही पंजाब किंग्स के 'विजय रथ' को राजस्थान रॉयल्स ने उनके ही घरेलू मैदान महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में रोक दिया। 223 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने 4 गेंद शेष रहते 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स प्वाइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाते हुए तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान को 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत दी। वैभव ने मात्र 16 गेंदों में 43 रन कूट डाले, जिसमें उन्होंने 5 छक्के और 3 चौके जड़े। दिलचस्प बात यह है कि उनके 43 रनों में से 42 रन सिर्फ बाउंड्री से आए। इस पारी के दौरान वैभव ने सीजन में अपने 400 रन भी पूरे कर लिए और ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया। वैभव और यशस्वी (51) की जोड़ी ने महज 3.1 ओवर में टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया था। पावरप्ले में 84 रन बनाने के बाद मध्य ओवरों में युजवेंद्र चहल ने यशस्वी, ध्रुव जुरैल और कप्तान रियान पराग को आउट कर पंजाब की वापसी कराई थी। संकट के समय राजस्थान ने शुभम दुबे को 'इम्पैक्ट प्लेयर' के रूप में उतारा। शुभम (31) और डोनोवन फरेरा (52) ने मोर्चा संभाला। फरेरा ने दबाव के क्षणों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत में मैच फिनिश कर टीम को जीत दिलाई। राजस्थान ने रिकॉर्ड छठी बार 200+ का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया है।
इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने मार्कस स्टोइनिस की बदौलत 222 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। स्टोइनिस ने अंतिम ओवरों में तबाही मचाते हुए मात्र 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। उन्होंने अंतिम 3 ओवरों में टीम के खाते में आए 55 रनों में से अकेले 51 रन बनाए। ओपनर प्रभसिमरन सिंह (59) ने भी अच्छी पारी खेली, लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर (30 रन, 27 गेंद) की धीमी बल्लेबाजी टीम को भारी पड़ गई। इस जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर आ गई है, जिससे सनराइजर्स हैदराबाद (10 अंक) चौथे स्थान पर खिसक गई है। हार के बावजूद पंजाब किंग्स 13 अंकों और बेहतर नेट रन रेट के साथ अभी भी शीर्ष पर बनी हुई है, जबकि आरसीबी दूसरे स्थान पर बरकरार है।


संबंधित आलेख: