दरभंगा में बेखौफ बदमाशों का कहर: टेलीकॉम कर्मचारी को गोलियों से भूना, हत्या के बाद हाईवे पर बवाल
दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे एयरटेल कंपनी के एक कर्मचारी की बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए दरभंगा–बहेड़ी स्टेट हाईवे-50 को जाम कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं और एफएसएल की टीम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है।
मृतक की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के निमेठी गांव निवासी संजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह एयरटेल कंपनी में कार्यरत थे और गुरुवार रात सुरहाचट्टी स्थित मोबाइल टावर पर ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निमेठी गांव के पास आरा मिल के समीप पहले से घात लगाए अपाचे बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और संजीव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उन्हें पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों का कहना है कि संजीव मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे तथा गांव में किसी से उनका कोई विवाद नहीं था। ग्रामीण एसपी दीक्षा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बदमाशों ने बेहद करीब से फायरिंग की। संजीव कुमार सिंह के जबड़े और कंधे में गोली लगी थी। घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं। एफएसएल की टीम मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है, जबकि पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। हत्या की घटना से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा देर रात फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने दरभंगा–बहेड़ी स्टेट हाईवे-50 को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है। हाईवे जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शी विजय कुमार सिंह ने बताया कि संजीव कुमार सिंह का किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। उनके अनुसार, अपराधी पहले से ही घात लगाकर बैठे थे और जैसे ही संजीव वहां पहुंचे, उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कुछ वर्ष पहले इसी स्थान के पास नगर निगम कर्मचारी अनिल सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक ही इलाके में दो चर्चित हत्याओं ने स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस, बेनीपुर एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और एफएसएल की रिपोर्ट के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर दरभंगा जिले में कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।