• Home
  • News
  • Roadways Bus Rampage: Innocent Child Dragged for 20 Meters, Dies on the Spot; Enraged Crowd Resorts to Stone-Pelting and Road Blockade.

रोडवेज बस का तांडव: मासूम को 20 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत; भड़के लोगों का पथराव और चक्काजाम

editor
  • Tapas Vishwas
  • April 20, 2026 09:04 AM
Roadways Bus Rampage: Innocent Child Dragged for 20 Meters, Dies on the Spot; Enraged Crowd Resorts to Stone-Pelting and Road Blockade.

हल्द्वानी। भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर सोमवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। रानीबाग के पास रुद्रपुर डिपो की एक रोडवेज बस ने पांच साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक की लापरवाही इस कदर थी कि वह बच्ची को टक्कर मारने के बाद करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में जबरदस्त तनाव फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने बस पर पथराव कर भारी हंगामा किया।

जानकारी के मुताबिक, पांच वर्षीय मासूम कनक अपने दो अन्य साथियों के साथ मार्ग के पास थी। इसी दौरान रुद्रपुर डिपो की बस (UK 06 PA 1726) तेज रफ्तार से वहां पहुंची। चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए कनक को सामने से टक्कर मार दी। चश्मदीदों का कहना है कि टक्कर लगने के बाद भी चालक ने बस नहीं रोकी और मासूम बस के नीचे फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के वक्त साथ मौजूद दो अन्य बच्चे किसी तरह बच गए, लेकिन कनक की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों का धैर्य जवाब दे गया। मासूम की क्षत-विक्षत देह देख लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने तत्काल रोडवेज बस को घेर लिया और उस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव के कारण बस के शीशे चकनाचूर हो गए। मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच चालक वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा। इस हंगामे और हादसे के कारण भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर यातायात का पहिया पूरी तरह थम गया। देखते ही देखते तिकोनिया, भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई किलोमीटर लंबे जाम में सैकड़ों पर्यटक और स्थानीय लोग घंटों फंसे रहे। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस मार्ग पर रोडवेज चालक अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने मृतक बच्ची के परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन जाम खुलवाने और स्थिति को सामान्य करने के प्रयासों में जुटा रहा।
 


संबंधित आलेख: