गया में 'लुटेरी दुल्हन' का तांडव: सात फेरे लेकर मांग भरवाई, विदाई के वक्त लाखों के जेवरात समेटकर हुई फरार
गया। बिहार के गया जिले से शादी के नाम पर ठगी का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ले में सात फेरे लेने और मांग में सिंदूर भरवाने के महज कुछ ही घंटे बाद एक दुल्हन शादी के सारे जेवरात और कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो गई।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बड़े-बड़े अरमान लेकर शादी रचाने पहुंचे दूल्हे और उसके परिवार को जब तक इस धोखे का अहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शादी की खुशियां पल भर में मातम और गम में बदल गईं और पीड़ित परिवार को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। पीड़ित पक्ष के अनुसार, गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी निवासी दूल्हा रविंद्र कुमार की शादी गया की एक युवती से तय हुई थी। शादी तय होने के बाद दुल्हन की पसंद पर दोनों पक्षों ने मिलकर बाजार में महंगी शॉपिंग की। दूल्हा पक्ष ने अपनी हैसियत से बढ़कर दुल्हन के लिए लाखों रुपये के सोने और चांदी के आभूषण खरीदे, जिसमें सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल और बिछिया शामिल थे। इसके अलावा महंगे लहंगे और अन्य सामान भी दुल्हन को दिए गए। शादी की सभी रस्में गांधी नगर मोहल्ले में धूमधाम से पूरी की गईं। धूमधाम से शादी संपन्न होने के बाद जब रस्मों के मुताबिक विदाई का वक्त आया, तो अचानक दुल्हन घर से गायब मिली। दूल्हा रविंद्र कुमार और उनके परिजन उसे आसपास तलाशने लगे। काफी खोजबीन के बाद जब दुल्हन का कहीं पता नहीं चला, तो अलमारी चेक की गई। तब जाकर यह खौफनाक सच सामने आया कि दुल्हन शादी में चढ़ाए गए सारे सोने-चांदी के जेवरात, महंगे कपड़े और नकदी समेटकर फरार हो चुकी है। इस पूरी शादी को कराने में 'शकील' नाम के एक बिचौलिए ने मध्यस्थता की थी। शादी संपन्न होते ही मौका पाकर शकील भी विवाह स्थल से नौ दो ग्यारह हो गया। दूल्हे पक्ष को अब पूरा यकीन है कि यह एक सुनियोजित मैरिज फ्रॉड (शादी के नाम पर ठगी) का हिस्सा था, जिसे एक संगठित गिरोह चला रहा है। बिचौलिए ने शादी कराने के एवज में भी दूल्हे पक्ष से मोटी रकम वसूली थी। दूल्हे के भाई धर्मेंद्र कुमार ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया। उन्होंने बताया हमारे घर के आर्थिक हालात पहले से ही ठीक नहीं हैं। भाई की शादी के लिए हमने कर्ज लेकर लाखों रुपये जुटाए थे। गहने, कपड़े और शादी के अन्य इंतजामों में सब कुछ स्वाहा हो गया। शादी के तुरंत बाद हमारे साथ इतनी बड़ी ठगी हो गई। हमें पुलिस से जैसे सहयोग की उम्मीद थी, वैसा शुरुआती सहयोग भी नहीं मिला। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया दुल्हन के जेवरात लेकर फरार होने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरी मुस्तैदी से छानबीन कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर लुटेरी दुल्हन और मुख्य बिचौलिए शकील की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया जाएगा। इस घटना के बाद से इलाके में बिचौलियों के जरिए शादी तय करने वाले परिवारों के बीच डर और सतर्कता का माहौल है।