बंगाल में बवालः भाजपा का ‘नबन्ना चलो मार्च’ के दौरान नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़के कार्यकर्ता! पथराव के बाद आगजनी, आग के हवाले की पुलिस की गाड़िया
नई दिल्ली। कोलकाता में ममता सरकार के खिलाफ भाजपा का ‘नबन्ना चलो मोर्च’ आज उस समय हिंसक हो गया, जब पुलिस ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी, लॉकेट चटर्जी समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इससे गुस्साए भाजपाईयों ने कोलकाता के लालबाजार एरिया में पुलिस की गाड़ियां फूंक दी। वहीं भीड़ को काबू पाने के लिए बंगाल पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।
इससे पहले सांतरागाछी रेलवे स्टेशन के पास नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, सांसद लॉकेट चटर्जी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। हिरासत में लेने के दौरान भाजपा नेता अधिकारी ने कहा, 'बंगाल की जनता ममता बनर्जी के साथ नहीं है, इसलिए वह बंगाल में उत्तर कोरिया की तरह तानाशाही कर रही हैं।' दिलीप घोष ने बंगाल पुलिस पर तृणमूल कार्यकर्ताओं की तरह काम करने का आरोप लगाया है।
बता दें कि भाजपा ने सचिवालय की तीन तरफ से घेराबंदी की प्लानिंग की थी। हावड़ा रेलवे स्टेशन से सुकांतो मजूमदार, सांतरागाछी से शुभेंदु अधिकारी और स्क्वॉड से दिलीप घोष को सचिवालय जाना था, लेकिन पुलिस ने तीनों को रोक लिया। नेताओं को रोकने के लिए बंगाल पुलिस ने स्पेशल फोर्स की तैनाती की थी।