रुद्रप्रयाग: स्थाई नियुक्ति की मांग पर बाजीगर समाज की भूख हड़ताल! ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में शुरू हुआ आंदोलन
रुद्रप्रयाग। ऊखीमठ में बद्री-केदार मंदिर समिति के अंतर्गत वर्षों से सेवाएं दे रहे हक-हकूकधारी बाजीगर समाज ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में धरने पर बैठे आंदोलनकारियों ने स्थाई नियुक्ति समेत कई मांगों को लेकर सरकार और मंदिर समिति पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। बाबा केदार के शीतकालीन गाड़ीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में हक-हकूकधारी बाजीगर समाज के प्रतिनिधि भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे वर्षों से बद्री-केदार मंदिर समिति के अंतर्गत धार्मिक अनुष्ठानों और व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें स्थाई नियुक्ति और अन्य सेवा सुविधाओं का लाभ नहीं मिला। उनका आरोप है कि कई बार शासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी पांच सूत्रीय मांगों पर लिखित और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। उनकी प्रमुख मांगों में स्थाई नियुक्ति, सेवा अवधि का अभिलेखीकरण, वरिष्ठता का लाभ, वेतन एवं भत्तों का निर्धारण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं और हक-हकूकधारी बाजीगर समाज के अधिकारों की विधिवत सुरक्षा शामिल हैं।