रुद्रप्रयाग: तिलवाड़ा में गीड गदेरे का कहर! केदारनाथ हाईवे बंद, कांवड़ यात्रियों को लौटाया गया! लगा लंबा जाम
रुद्रप्रयाग। तिलवाड़ा में गीड गदेरे के उफान पर आने से केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र कांवड़ यात्रियों और अन्य वाहनों को वापस भेजना शुरू कर दिया है। हाईवे पर लंबा जाम लगने से सैकड़ों यात्री परेशान हैं। लगातार बारिश के चलते रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा स्थित गीड गदेरा उफान पर है। गदेरे से भारी मात्रा में मलबा, पत्थर और बोल्डर केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गए, जिससे हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया। मार्ग बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्री घंटों से फंसे हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों समेत अन्य वाहनों को सुरक्षित स्थानों से वापस भेजना शुरू कर दिया है। मौके पर पुलिस, राजमार्ग विभाग और प्रशासन की टीमें मार्ग खोलने के प्रयास में जुटी हैं, लेकिन लगातार बारिश राहत कार्य में बाधा बन रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें तथा केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही यात्रा करें।