• Home
  • News
  • Rudrapur: Former MLA Thukral makes serious allegations regarding AI deepfakes! He claims a conspiracy could be hatched to tarnish his image by using his voice and photograph.

रुद्रपुरः AI डीपफेक को लेकर पूर्व विधायक ठुकराल का बड़ा आरोप! बोले- आवाज और तस्वीर का इस्तेमाल कर छवि धूमिल करने की रची जा सकती है साजिश

editor
  • Awaaz Desk
  • September 09, 2026 09:09 AM
Rudrapur: Former MLA Thukral makes serious allegations regarding AI deepfakes! He claims a conspiracy could be hatched to tarnish his image by using his voice and photograph.

रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने एआई और डीपफेक तकनीक के कथित दुरुपयोग को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी के माध्यम से उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। ठुकराल का कहना है कि एआई तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी आवाज और तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ करते हुए ऐसे फर्जी वीडियो या बयान तैयार किए जा सकते हैं, जिनसे उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो। पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि मौजूदा दौर में तकनीक के माध्यम से किसी व्यक्ति की आवाज और तस्वीर का इस्तेमाल कर भ्रामक सामग्री तैयार करना आसान हो गया है। ऐसे में उनके नाम से ऐसे बयान भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा सकते हैं, जो उन्होंने कभी दिए ही नहीं। उन्होंने आशंका जताई है कि विभिन्न सामाजिक वर्गों को लेकर उनके नाम से आपत्तिजनक या विवादित बयान तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल किए जा सकते हैं। ठुकराल ने आरोप लगाया कि उनके विरोधी कथित तौर पर फर्जी सोशल मीडिया आईडी के जरिए लगातार उनके खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट और सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना और लोगों के बीच उनके प्रति भ्रम पैदा करना हो सकता है। पूर्व विधायक ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले किसी भी वीडियो, ऑडियो, फोटो या पोस्ट को तुरंत सच न मानें। किसी सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और स्रोत की जांच जरूर करें। उन्होंने कहा कि एआई और डीपफेक के दौर में सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर सामग्री वास्तविक हो, यह जरूरी नहीं है। प्रेसवार्ता के दौरान ठुकराल ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर कथित दुष्प्रचार को लेकर पुलिस को कई बार तहरीर दी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।


संबंधित आलेख: