• Home
  • News
  • Rudrapur gang-rape case: All three perpetrators nabbed in a late-night encounter; one accused injured in police retaliatory fire.

रुद्रपुर गैंगरेप कांड: देर रात मुठभेड़ में दबोचे गए तीनों दरिंदे, पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 28, 2026 03:07 AM
Rudrapur gang-rape case: All three perpetrators nabbed in a late-night encounter; one accused injured in police retaliatory fire.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में चर्चित गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे तीनों आरोपियों को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके दोनों साथियों को मौके से दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के "अपराध मुक्त देवभूमि" अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिलेभर में पुलिस की कई टीमों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और सघन चेकिंग अभियान चलाया। सोमवार देर रात बगवाड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन तीनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर उनकी घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप मामले के अलावा शस्त्र अधिनियम और पुलिस पर हमला करने सहित अन्य संबंधित धाराओं में भी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैंगरेप मामले की विवेचना तेजी से पूरी की जाए, सभी वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जाएं तथा अदालत में मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाए, ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके। गौरतलब है कि इस सनसनीखेज मामले ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। पीड़िता के मिलने के बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। लगातार दबिश और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस आखिरकार आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गैंगरेप मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कार्रवाई का अहम चरण पूरा हो गया है। अब घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को एकत्र कर विवेचना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, पुलिस पर फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले में भी अलग से कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई को ऊधम सिंह नगर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जबकि पूरे मामले पर प्रदेशभर की नजर बनी हुई है।


संबंधित आलेख: