• Home
  • News
  • Rudrapur: Major police crackdown on illegal activities! Rapid-fire raids conducted on spas, hotels, and suspected locations; over 14 suspects questioned.

रुद्रपुर: अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान! स्पा, होटल और संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, 14 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ

editor
  • Awaaz Desk
  • September 17, 2026 05:09 AM
Rudrapur: Major police crackdown on illegal activities! Rapid-fire raids conducted on spas, hotels, and suspected locations; over 14 suspects questioned.

रुद्रपुर। अवैध गतिविधियों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक बार फिर सघन अभियान छेड़ दिया है। एसएसपी के निर्देशन में पुलिस टीमों ने स्पा सेंटर, होटल, गेस्ट हाउस और अन्य संदिग्ध स्थलों पर ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से संबंधित प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। अभियान के दौरान पुलिस ने 15 से अधिक होटल, गेस्ट हाउस और अन्य संदिग्ध स्थलों की गहन जांच की। चेकिंग अभियान में 50 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने प्रतिष्ठानों में पहुंचकर वहां मौजूद लोगों, कर्मचारियों और संचालकों से पूछताछ करने के साथ ही आवश्यक दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान 14 से अधिक संदिग्ध महिला एवं पुरुषों को पूछताछ और सत्यापन के लिए रोका गया। पुलिस द्वारा इनसे आवश्यक पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध अभिलेखों समेत अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस की कार्रवाई का मुख्य फोकस होटल, गेस्ट हाउस और स्पा सेंटरों में किसी भी तरह की संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाना रहा। चेकिंग के दौरान संचालकों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उनके परिसरों का इस्तेमाल नाबालिगों के शोषण, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार अथवा अन्य किसी अवैध गतिविधि के लिए न होने दिया जाए। पुलिस ने साफ किया कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस और स्पा संचालकों को प्रत्येक ग्राहक अथवा आगंतुक का नियमानुसार पहचान-पत्र सत्यापन करने और आवश्यक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। रजिस्टर और डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज जानकारी की भी जांच की गई। इसके अलावा प्रतिष्ठानों के लाइसेंस, अनुमति और अन्य जरूरी दस्तावेजों को नियमानुसार संधारित करने के लिए कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को चेतावनी दी कि यदि जांच के दौरान रिकॉर्ड में अनियमितता, पहचान-पत्र सत्यापन में लापरवाही, लाइसेंस अथवा अनुमति से संबंधित खामी या अन्य नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी अवैध गतिविधि में होटल, गेस्ट हाउस या स्पा संचालक अथवा कर्मचारी की मिलीभगत, संरक्षण या जानबूझकर सूचना छिपाने की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति को भी बख्शा नहीं जाएगा। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों वाले स्पा सेंटर, होटल, गेस्ट हाउस और अन्य स्थानों को चिन्हित कर उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी अचानक और सघन चेकिंग अभियान जारी रखा जाएगा। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य नाबालिगों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना तथा ऐसे प्रतिष्ठानों में कानून व्यवस्था से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद होटल, गेस्ट हाउस और स्पा संचालकों में भी अपने रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।


संबंधित आलेख: