• Home
  • News
  • Rudrapur: Police crackdown on spa centers! Anti-Human Trafficking Cell conducts raids, seals 10 spa centers

रुद्रपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन! एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की ताबड़तोड़ छापेमारी, 10 स्पा सेंटर सील

  • Awaaz Desk
  • February 10, 2026
Rudrapur: Police crackdown on spa centers! Anti-Human Trafficking Cell conducts raids, seals 10 spa centers

रुद्रपुर। रुद्रपुर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की टीम ने स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की। अचानक हुई छापेमारी से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मचा गया। इस दौरान अनियमितता मिलने पर टीम द्वारा 10 स्पा सेंटर पर चलानी कार्रवाई के बाद बंद करा दिया गया है। इससे पहले टीम द्वारा सभी स्पा सेंटरों का एक-एक कर गहन निरीक्षण किया गया। टीम ने स्पा सेंटरों के लाइसेंस, रजिस्टर, कर्मचारियों का सत्यापन और  संचालन से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कई स्पा सेंटरों में नियमों की अनदेखी सामने आई। कुछ सेंटरों में आवश्यक अनुमति और लाइसेंस नहीं पाए गए, जबकि कई जगहों पर कर्मचारियों का सही रिकॉर्ड और पहचान संबंधी दस्तावेज मौजूद नहीं थे। इसके अलावा, संचालन के तय  मानकों का उल्लंघन और अन्य कई प्रकार की गंभीर कमियां भी जांच में उजागर हुईं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने संबंधित स्पा सेंटरों के खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई की। पुलिस द्वारा स्पा सेंटरों पर नोटिस चस्पा किए गए और ताले लगाए गए। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की इंचार्ज बसंती आर्य ने बताया कि 10 स्पा सेंटरों और एक बार में छापेमारी की गई। सभी स्पा सेंटरों में रिकॉर्ड और कर्मचारियों के सत्यापन में अनियमितताएं पाई गई। जिस पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 40 हजार रुपए का जुर्माना वसूलते हुए अनिश्चितकाल के लिए बंद कराया है। कागजों की जांच तक सेंटर बंद रहेंगे। इसके अलावा एक बार पर नाबालिग को शराब पिलाने के मामले में 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। अवैध गतिविधियों और नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


संबंधित आलेख: