रुद्रपुरः नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया कब्जा तो हरकत में आया प्रशासन! पहाड़गंज में नजूल भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने की तैयारी तेज
रुद्रपुर। रुद्रपुर के पहाड़गंज में एक बार फिर प्रसाशन के अधिकारी अतिक्रमण को लेकर एक्टिव दिखाई दे रहे हैं। कुछ माह पहले अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाने को लेकर लगभग 200 घरों के बाहर नोटिस चस्पा किये थे और एक माह तक खुद अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। लेकिन नोटिस के बाद भी जब लोगों ने सरकारी जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया तो आज जिला विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज उपाध्याय, एसडीएम, पुलिस और नगर निगम की टीम के साथ जेसीबी लेकर पहाड़गंज पहुंच कर निरीक्षण किया, जहां उन्होंने लोगो को सरकारी भूमि खाली करने को कहा। जिला विकास प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि किसी भी तरह सरकारी भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पहाड़गंज में जिन लोगों ने सरकारी नजूल की भूमि पर कब्जा किया है उसे जल्द हटाया जायेगा और कोई नया अतिक्रमण न हो इसको भी देखा गया। नया अतिक्रमण होता पाए जाने पर तत्काल ध्वस्त किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर बिजली कनेक्शन देने वालों की भी जांच की जायेगी।