रुद्रपुरः मैट्रोपोलिस सोसायटी में महिला ने छत से कूदकर दी जान! घर की कुंडी बंद कर छत पर गई और कुछ देर बाद सड़क पर मिला लहुलुहान शव, हाथ पर लिखा नाम
रुद्रपुर। शहर की पाश काॅलोनी मैट्रोपोलिस सोसायटी में एक महिला ने छत से कूदकर अपनी जान दे दी। इस घटना से जहां सोसायटी में सनसनी फैल गयी, वहीं पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। परिजनों के अनुसार बुधवार को अचानक 45 वर्षीय माधुरी सिंह घर में बाहर से कुंडी लगाकर छत पर चली गई, जिसके बाद वह खून से लथपथ सड़क पर मिली। जानकारी के अनुसार मूल रूप नवाबगंज गोंडा निवासी शैलेंद्र सिंह पत्नी और बेटे के साथ शहर की मेट्रोपोलिस सोसाइटी में एक फ्लैट पर किराए पर रहते थे। खबरों की मानें तो मृतका के हाथ में पेन से लिखा है कि उसकी मौत का जिम्मेदार उसका पति और ससुराल है। बताया जाता है कि बुधवार को अचानक माधुरी सिंह घर में बाहर से कुंडी लगाकर छत पर चली गई। इसके बाद वह सड़क पर पड़ी हुई मिली। आनन फानन किसी तरह बेटा उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां उनकी मौत हो गई। उधर इस मामले में पुलिस का कहना है की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।